औसा में ‘इग्नाइट डिजिटल हब’ का भव्य शुभारंभ; ग्रामीण युवाओं को मिलेगा आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण
औसा मुखतार मणियार
समय के साथ कदम मिलाते हुए ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को आधुनिक तकनीक में दक्ष बनाने के उद्देश्य से औसा शहर में ‘इग्नाइट डिजिटल हब’ नामक अत्याधुनिक कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन मंगलवार, 13 जनवरी 2026 को उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
श्रीनिवास कॉम्प्लेक्स, विठ्ठल नगर (याकतपूर रोड), औसा में आयोजित इस समारोह का उद्घाटन पंढरपूर स्थित श्री विठ्ठल-रुक्मिणी मंदिर समिति के सह-अध्यक्ष ह.भ.प. गहिनीनाथ महाराज औसेकर तथा जमीयत उलेमा-ए-हिंद (औसा) के मौलाना अमजद सिद्दीकी इशाअली के शुभहस्ते किया गया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में गणमान्य अतिथियों ने कहा कि डिजिटल युग में कंप्यूटर और तकनीकी कौशल केवल आवश्यकता नहीं, बल्कि अनिवार्य हो गए हैं। ‘इग्नाइट डिजिटल हब’ के माध्यम से स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे, ऐसा विश्वास उन्होंने व्यक्त किया।
इस कार्यक्रम में जिला कौशल विकास, रोजगार एवं उद्यमिता मार्गदर्शन केंद्र (लातूर) के सहायक अधिकारी निशांत सूर्यवंशी विशेष रूप से उपस्थित थे। उन्होंने शासन की विभिन्न कौशल विकास योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे उच्च गुणवत्ता वाले प्रशिक्षण केंद्रों की अत्यंत आवश्यकता है।
संस्था के संचालक नज़ीर मुजावर, डॉ. उमर मुजावर और हाफिज़ नज़ीर मुजावर ने केंद्र की भूमिका स्पष्ट करते हुए बताया कि अब औसा और आसपास के विद्यार्थियों को उन्नत कंप्यूटर प्रशिक्षण के लिए कही ओर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सभी आधुनिक कोर्स स्थानीय स्तर पर, वह भी किफायती शुल्क में उपलब्ध कराए जाएंगे।
उद्घाटन समारोह में अज़हर हाशमी, निलेश खरात, डॉ. श्रीनिवास कदम, मुफ्ती शहाज, नंदु माळी, संजय उजळांबे सहित शहर के प्रतिष्ठित नागरिक, शिक्षाविद् और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन एन. आर. पठाण द्वारा आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।


0 टिप्पण्या